अवैध वसूली और हत्या के प्रयास में फंसे भाजयुमो नेता, GS कॉलेज से पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोर्ट से नहीं मिली थी राहत,
गंभीर धाराओं में दर्ज मामला, जिला अदालत ने अग्रिम जमानत याचिका की थी खारिज, पुलिस ने GS कॉलेज से किया गिरफ्तार।
जबलपुर।भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के नेता मानव घनघोरिया को सोमवार को जबलपुर पुलिस ने GS कॉलेज परिसर से गिरफ्तार कर लिया। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर एक दुकानदार से अवैध वसूली की कोशिश की और विरोध करने पर जानलेवा हमला किया। इस मामले में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही जिला अदालत द्वारा खारिज कर दी गई थी।

गिरफ्तारी के दौरान मानव घनघोरिया के वकील ने दावा किया कि पुलिस ने सिर्फ एक पक्ष के बयान और मेमोरेंडम के आधार पर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि मानव को जानबूझकर मामले में फंसाया गया है जबकि वह पूरी तरह निर्दोष है। वकील ने भरोसा जताया कि आगे की सुनवाई में सच्चाई सामने आएगी और उन्हें न्याय मिलेगा।
चाकू से किया था हमला, FIR में हत्या के प्रयास की धारा
यह सनसनीखेज घटना 17 जुलाई की रात माढ़ोताल थाना क्षेत्र के संचार नगर में हुई। पीड़ित गौरव बाजपेयी अपनी पत्नी के साथ दुकान पर बैठे थे, तभी काली कार और एक बाइक पर सवार चार युवक वहां पहुंचे, जिनमें एक का नाम आयुष खरे बताया गया है।
चारों ने गौरव को बाहर बुलाकर 20 हजार रुपये की मांग की, और इंकार करने पर उसे गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौरव को तुरंत स्वास्तिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस जांच में मानव घनघोरिया का नाम सामने आया, जिसके बाद BNS की धाराओं 296 (गाली-गलौज), 119(1) (हत्या का प्रयास), 109 (उकसाना), 118(1) (अवैध दबाव), 351(3) (गंभीर चोट पहुंचाना) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

कोर्ट ने माना था मामला गंभीर, अग्रिम जमानत खारिज
मानव घनघोरिया ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जबलपुर जिला अदालत में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी। लेकिन अपर सत्र न्यायाधीश शबनम कादिर मंसूरी की अदालत ने याचिका को गंभीरता से लेते हुए खारिज कर दिया।
राज्य की ओर से अपर लोक अभियोजक अरविंद जैन और आपत्तिकर्ता के अधिवक्ता आशीष पांडे ने कोर्ट में तर्क दिए कि आरोपी ने न सिर्फ अवैध वसूली का प्रयास किया बल्कि जान से मारने की कोशिश भी की। अदालत ने यह मानते हुए कि मामला गंभीर प्रकृति का है, अग्रिम जमानत देने से साफ इंकार कर दिया।
GS कॉलेज से गिरफ्तारी, राजनीतिक गलियारों में हलचल
मानव घनघोरिया भाजयुमो की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं। गिरफ्तारी के बाद यह मामला राजनीतिक रंग ले चुका है। इससे पहले कथित भाजपा नेता पर लगे देह व्यापार के आरोपों पर भाजपा ने पल्ला झाड़ लिया था।
लेकिन इस बार मामला पार्टी से जुड़े कार्यकारी पदाधिकारी का है, लिहाज़ा भाजपा के लिए चुप रहना मुश्किल हो सकता है।
पुलिस की तफ्तीश में अभी और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि पार्टी अपने युवा नेता के इस गंभीर आपराधिक मामले पर क्या रुख अपनाएगी।
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
एडिशनल एसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा के मुताबिक, माढ़ोताल थाना क्षेत्र में युवक पर प्राण घातक हमला करने के मामले में चार लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है अब मानव घनघोरिया की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस एक अन्य आरोपी नीलेश की तलाश में भी जुटी है।

Share this content:



Post Comment