पत्रकारों से पंगा लेना पड़ा भारी? कटनी-दतिया के SP हटे, चंबल IG-DIG पर भी गिरी गाज, मोहन यादव सरकार का सख्त एक्शन |

द तथ्य न्यूज एक्सक्लूसिव – मध्यप्रदेश में देर रात हुए एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल में मोहन यादव सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 10 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस लिस्ट में कटनी और दतिया के पुलिस अधीक्षकों (SP) का नाम भी शामिल है, साथ ही चंबल जोन के IG और DIG पर भी कार्रवाई हुई है। माना जा रहा है कि यह कार्यवाही हाल ही में पत्रकारों से हुए विवाद और अन्य घटनाओं का परिणाम है।
कटनी एसपी पर क्यों गिरी गाज? पत्रकारों से ‘दुर्व्यवहार’ बना वजह |
कटनी एसपी रहे अभिजीत रंजन (भापुसे 2014) को हटाकर सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, भोपाल भेज दिया गया है। उनकी जगह पुलिस उपायुक्त (जोन-2), नगरीय पुलिस जिला, इंदौर रहे अभिनव विश्वकर्मा (भापुसे 2019) को कटनी का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
सूत्रों की मानें तो कटनी एसपी पर यह कार्यवाही हाल ही में मासूम बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता के साथ मारपीट की घटना का कवरेज करने महिला थाने पहुंचे पत्रकारों के साथ हुए दुर्व्यवहार के बाद हुई है। इस मामले में डीएसपी प्रभात शुक्ला के खिलाफ शहर के सभी पत्रकारों में गहरा आक्रोश व्याप्त था। पत्रकारों ने डीएसपी पर कार्यवाही की मांग को लेकर 2 जून सोमवार को दोपहर 1:00 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपने का भी ऐलान किया था।
यह भी बताया जा रहा है कि महिला सीएसपी का पति जो कि एक तहसीलदार है, पहले भी कटनी एसपी पर जानबूझकर अपनी पत्नी को अपने आसपास रखने का आरोप लगा चुका है। इस संबंध में यूट्यूब पर कुछ वीडियो भी उपलब्ध होने की बात सामने आई है।
दतिया एसपी भी हटाए गए, ‘अप्रत्याशित’ नहीं था यह तबादला |
दतिया के पुलिस अधीक्षक रहे वीरेन्द्र कुमार मिश्रा (भापुसे 2012) को भी हटाकर सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, भोपाल भेजा गया है। उनकी जगह सेनानी, प्रथम वाहिनी, विसबल, इंदौर रहे सूरज वर्मा (भापुसे 2013) को दतिया का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। दतिया में भी हाल ही में कुछ ऐसी घटनाएं सामने आई थीं, जिनकी वजह से पुलिस अधीक्षक पर गाज गिरने की आशंका जताई जा रही थी।
चंबल आईजी-डीआईजी पर भी एक्शन |
इस फेरबदल में चंबल जोन के पुलिस महानिरीक्षक सुशान्त कुमार सक्सेना (भापुसे 2005) को भी हटाया गया है। उन्हें पुलिस मुख्यालय, भोपाल में पुलिस महानिरीक्षक (अ०अ०वी) बनाया गया है। वहीं, उप पुलिस महानिरीक्षक / पुलिस महानिरीक्षक, चम्बल रेंज, मुरैना रहे कुमार सौरभ (भापुसे 2007) को पुलिस मुख्यालय, भोपाल में पुलिस महानिरीक्षक, (अजाक) के पद पर स्थानांतरित किया गया है। चंबल में भी हाल ही में कुछ ऐसी घटनाएं हुई थीं, जिसके बाद इन अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही थी। उनकी जगह अब सचिन कुमार अतुलकर (भापुसे 2007) को पुलिस महानिरीक्षक, चम्बल जोन, मुरैना और सुनील कुमार जैन (भापुसे 2009) को उप पुलिस महानिरीक्षक, चम्बल रेंज, मुरैना बनाया गया है।
अन्य प्रमुख तबादले:

  • प्रमोद वर्मा (भापुसे 2001): पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन, सागर एवं अतिरिक्त प्रभार निदेशक, जे.एन.पी.ए, सागर से अब पुलिस महानिरीक्षक, जबलपुर जोन, जबलपुर।
  • चंद्रशेखर सोलंकी (भापुसे 2006): पुलिस महानिरीक्षक, विसबल इंदौर रेंज से पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन, सागर एवं अतिरिक्त प्रभार निदेशक जे.एन.पी.ए सागर।
    यह आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से, सचिव (कार्मिक) म.प्र. शासन, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किया गया है। आदेश की प्रति भारत सरकार, गृह मंत्रालय, नई दिल्ली, अपर मुख्य सचिव, माननीय मुख्यमंत्री, म.प्र., पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश, भोपाल सहित संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
    अपर सचिव, आशीष भार्गव के हस्ताक्षर से जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

Share this content:

Previous post

PETA का नया पोस्टर अभियान: “अगर कुत्ते का दूध नहीं पीते, तो किसी और प्रजाति का क्यों?” – ‘वर्ल्ड मिल्क डे’ से पहले देश भर में लगे बोर्ड।।

Next post

जबलपुर में देह व्यापार का भंडाफोड़: पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अतुल चौरसिया की होटल पर छापा, असम की युवती ने लगाया जबरन देह व्यापार का आरोप

Post Comment

You May Have Missed